बिजनौर। जनपद के चांदपुर थाना क्षेत्र से जमीन और लाखों रुपये के लेनदेन का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जलीलपुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने बिजनौर पुलिस अधीक्षक (SP) को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि गांव की पंचायत के फैसले के बावजूद उसे 12 लाख रुपये और सवा दो बीघा जमीन नहीं दी जा रही है। उल्टा, अपना हक मांगने पर दबंग उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। धमकियों से पीड़ित इस कदर सदमे में है कि उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल ले जाना पड़ा।

​पंचायत में तय हुआ था 40 लाख का समझौता

जलीलपुर निवासी शमशाद के अनुसार, उसका अपने ही परिवार के कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इस विवाद को सुलझाने के लिए गांव और परिवार के संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में एक पंचायत बुलाई गई थी। शमशाद का कहना है कि पंचायत के फैसले में उसे कुल 40 लाख रुपये दिए जाने की बात तय हुई थी। प्रार्थना पत्र के मुताबिक, समझौते के तहत अभी भी उसे 12 लाख रुपये नकद और सवा दो बीघा जमीन मिलनी बाकी है।

​दो साल से काट रहा चक्कर, दबंगों ने दी धमकी

शमशाद का आरोप है कि संबंधित लोगों ने बकाया रकम और जमीन देने के लिए महज चार महीने का वक्त मांगा था, लेकिन देखते ही देखते करीब दो साल बीत चुके हैं और अब तक उसका हक नहीं मिला। इस दौरान कई बार पंचायत भी हुई, जिसमें भुगतान का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन तय तारीख आने पर मुकर जाते हैं।

​प्रार्थना पत्र में शमशाद ने मोनिस उर्फ इरफान राजपूत, कय्यूम और अय्यूब पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि ये लोग बड़े नेताओं और दबंगों से अपनी पहुंच का रौब गालिब कर उसे डराते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। लगातार मिल रही धमकियों के चलते शमशाद की मानसिक और शारीरिक स्थिति बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

विज्ञापन
विज्ञापन

​सीओ चांदपुर कर रहे मामले की जांच

परेशान होकर शमशाद ने पुलिस अधीक्षक से अपनी सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। उसने प्रशासन से अपना बकाया 12 लाख रुपये व सवा दो बीघा जमीन दिलाने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में मामला आने के बाद अब इस पूरे प्रकरण की जांच सीओ चांदपुर (CO Chandpur) को सौंप दी गई है। अब देखना होगा कि पुलिस की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और आरोपियों पर क्या कार्रवाई होती है।

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें