देश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के ताजा बुलेटिन के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। यह राजस्थान और पाकिस्तान के ऊपर मध्य और ऊपरी ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर ट्रफ के रूप में बना हुआ है।
इसके असर से उत्तर-पश्चिमी राज्यों और पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। दिल्ली-NCR समेत आसपास के मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम में बदलाव के साथ तापमान में गिरावट भी देखने को मिल सकती है।
10 अक्टूबर तक पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी
IMD के अनुसार 10 अक्टूबर तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
Follow the Khabreelal News channel on WhatsApp Join ›मौसम विभाग ने इस दौरान बिजली कड़कने की संभावना भी जताई है। ऐसे में बारिश और तेज हवाओं के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
देश में 8 प्रमुख मौसम सिस्टम सक्रिय
मौसम विभाग के मुताबिक इस समय देश में कुल आठ प्रमुख मौसम सिस्टम सक्रिय हैं। उत्तर-पश्चिमी भारत में करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक पश्चिमी विक्षोभ मौजूद है।
इसके अलावा दक्षिणी हरियाणा, दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश, दक्षिणी तटीय ओडिशा और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर अलग-अलग चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं।
दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में दक्षिणी केरल तट के पास और उत्तरी तमिलनाडु के ऊपर भी मध्य ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। इसके साथ दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश से उत्तरी बंगाल की खाड़ी तक निचली ट्रोपोस्फेरिक परत में एक ट्रफ फैला हुआ है।
🏪 आपके शहर के ऑफर
इस बीच दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी की रेखा सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई से होकर गुजर रही है।
राजस्थान में अगले कुछ दिन मौसम रहेगा सूखा
राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में अगले तीन से चार दिन मौसम सामान्य तौर पर सूखा रहने की संभावना है। हालांकि नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है।
10 से 12 अक्टूबर के बीच बीकानेर और शेखावाटी के कुछ जिलों में बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना
IMD ने दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटे में तमिलनाडु के वाल्पराई में 12 सेंटीमीटर और केरल के नेरियामंगलम में 8 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
6 से 10 अक्टूबर के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है।
दिल्ली-NCR में गिरेगा तापमान
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली-NCR में बूंदाबांदी और हल्की बारिश की संभावना है। IMD के अनुसार 6 अक्टूबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
मौसम में बदलाव के साथ 9 अक्टूबर तक अधिकतम तापमान घटकर 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है। बादल छाने और हवा की दिशा में बदलाव के कारण दिल्ली-NCR के लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है।
Sabse pehle comment karne wale banein.