खेलों की नगरी मेरठ (Meerut) में पिछले डेढ़ महीने से चल रहे खेल महाकुंभ का रविवार को शानदार समापन हो गया। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की स्मृति में आयोजित Meerut Khel Mahotsav 2026 (जनपद स्तरीय खेल महोत्सव) का भव्य समापन एवं सम्मान समारोह चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCS University) के प्रतिष्ठित नेताजी सुभाष चन्द्र बोस प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया। इस भव्य आयोजन की मेजबानी 'पंख हौंसलों की उड़ान संस्था' द्वारा की गई।

'संसाधन नहीं, संकल्प बड़ा होता है' कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने खिलाड़ियों में जोश भरते हुए कहा, "मेजर ध्यानचंद जी ने हमें सिखाया है कि खेल में संसाधन नहीं, बल्कि खिलाड़ी का संकल्प बड़ा होता है।" डॉ. तोमर ने पंख संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि नशामुक्त युवा और फिट भारत का एक सशक्त अभियान है। उन्होंने राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

'जब बच्चा दौड़ता है, तो जिले का भविष्य दौड़ता है' महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने अपने संबोधन में एक गहरी बात कही। उन्होंने कहा, "जब गांव का कोई बच्चा ट्रैक पर दौड़ता है, तो वह अकेला नहीं दौड़ता, बल्कि उसके साथ पूरे जिले का भविष्य दौड़ता है।" रस्तोगी ने कहा कि आज जिन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का यहां सम्मान हो रहा है, वे कल आने वाले बच्चों के लिए बड़ी प्रेरणा बनेंगे।

सरकारी विभागों से भी बेहतर कार्य - मेयर हरिकांत अहलूवालिया समारोह में उपस्थित मेरठ के महापौर (Mayour) हरिकांत अहलूवालिया ने पंख संस्था के प्रयासों को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि जो काम सरकारी विभाग कई बार नहीं कर पाते, वह 'पंख हौंसलों की उड़ान संस्था' ने कर दिखाया है। लगातार डेढ़ माह तक 25 अलग-अलग खेल गतिविधियों का सफलतापूर्वक आयोजन और यह भव्य सम्मान समारोह निसंदेह प्रशंसनीय है। वहीं, कोपरेटिव बैंक के चेयरमैन विमल शर्मा ने भी संस्था द्वारा युवाओं को खेल से जोड़ने की इस पहल को बहुत सुंदर कार्य बताया।

विज्ञापन
विज्ञापन

'दवा से ज्यादा असरदार है खेल' - डॉ. जे.वी. चिकारा कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जे.वी. चिकारा ने स्वास्थ्य और खेल के रिश्ते पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "एक डॉक्टर होने के नाते मैं कह सकता हूं कि दवा से ज्यादा असरदार खेल होता है। जो बच्चा मैदान में पसीना बहाता है, वह हमेशा अस्पताल से दूर रहता है।" उन्होंने 'Be Strong, Be Fit, Stay Fit, Stay Happy' का मूल मंत्र भी दिया। भाजपा के पूर्व विधायक प्रत्याशी कमलदत्त शर्मा ने भी संस्था की अध्यक्ष भावना शर्मा और उनकी पूरी टीम को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी।

2000 से ज्यादा बच्चों ने ली प्रेरणा 'पंख हौंसलों की उड़ान संस्था' की राष्ट्रीय अध्यक्ष कुमारी भावना शर्मा ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर बात करते हुए कहा, "हमने यह संस्था इसलिए बनाई ताकि किसी भी बेटी का हौंसला पंख के बिना न रह जाए। इस महोत्सव में 2000 से ज्यादा बच्चों ने भाग लिया, जिसमें जीते तो कई, लेकिन हारा कोई नहीं।" उन्होंने 'Move More, Live Better' का मंत्र अपनाने की अपील की।

इन विशिष्ट लोगों की रही उपस्थिति इस बड़े समारोह को राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी का भी पूर्ण सानिध्य प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष श्रीमती वीना वाधवा, बजरंग दल के प्रांत संयोजक निमेष वशिष्ठ, बलराज डूंगर, मुकन्द वल्लभ शर्मा, विपिन भड़ाना, दीपशिखा, ज्योति, खेल निदेशक अशोक त्रिपाठी, कोपरेटिव बैंक के डी.बी. कपिल, राजेश निगम, जिला पंचायत सदस्य गुड्डू गगोल, ललित मोरल और मोहन गूर्जर समेत अनेक गणमान्य लोग और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें