उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज घटना सामने आई है। जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर धौलाना थाने में रविवार सुबह करीब 11 बजे संतरी ड्यूटी पर तैनात एक युवा सिपाही ने अपनी ही सरकारी राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली सीधे उसके सीने में लगी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गोली चलने की तेज आवाज सुनकर जब तक अन्य पुलिसकर्मी भागकर मौके पर पहुंचे, तब तक सिपाही दम तोड़ चुका था।

आगरा का रहने वाला था मृतक सिपाही मृतक सिपाही की पहचान 23 वर्षीय आशीष वर्मा के रूप में हुई है। आशीष मूल रूप से आगरा जिले के निबोहरा थाना क्षेत्र स्थित हीरापुर गांव का रहने वाला था। वह वर्ष 2025 में यूपी पुलिस में भर्ती हुआ था और इसी साल अप्रैल 2026 में उसे धौलाना थाने में पहली तैनाती मिली थी। घटना की जानकारी मिलते ही आगरा में उसके परिजनों में कोहराम मच गया और वे बदहवास हालत में हापुड़ के लिए रवाना हो गए। 

परिवार में किसान पिता त्रिभुवननाथ, मां राजकुमारी, दो बहनें (सुंदरी और भावना) और एक भाई संतोष है। चाचा मुकेश कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह थाने से सूचना मिली थी कि आशीष तनाव में था, लेकिन परिवार को उसकी परेशानी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

छुट्टी से लौटने के बाद उठाया आत्मघाती कदम साथी पुलिसकर्मियों के अनुसार, आशीष हाल ही में 15 दिन की छुट्टी लेकर गांव गया था। वह छुट्टी खत्म होने से 3 दिन पहले ही लौट आया था और पुलिस क्वार्टर में आराम करने के बाद शुक्रवार को ही उसने वापस ड्यूटी ज्वाइन की थी। शनिवार को उसकी ड्यूटी पिलखुवा चौराहे पर यातायात सुचारु रखने के लिए लगाई गई थी।

रविवार सुबह थाने में पहरे की ड्यूटी के दौरान आशीष फोन पर किसी से बात कर रहा था। साथी पुलिसकर्मियों का कहना है कि फोन कटने के कुछ देर बाद ही उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। गांववालों के बीच चर्चा है कि सिपाही पर करीब 15 लाख रुपये का भारी लोन था, जिसके कारण वह तनाव में रहता था। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी इस बात की पुष्टि नहीं हुई है।

एएसपी का बयान और पुलिस जांच सिपाही द्वारा आत्महत्या करने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एएसपी विनीत भटनागर ने घटना के संबंध में बताया कि प्रथम दृष्टया यह ड्यूटी के दौरान सिपाही द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने का मामला है। शुरुआती जांच में सिपाही के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आ रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारी घटना से जुड़े सभी पहलुओं, कॉल डिटेल्स और लोन की बातों की गहनता से जांच कर रहे हैं, ताकि मौत की असली वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सके।

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें