मुजफ्फरनगर (Muzaffarnagar News): उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा पर स्थित मुजफ्फरनगर के दादूपुर गांव में रविवार देर शाम (22 नवंबर 2026) पुरानी रंजिश के चलते एक सनसनीखेज डबल मर्डर की वारदात सामने आई है। बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने घर के गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर पिता और पुत्र को गोलियों से भून दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे सीमावर्ती इलाके में दहशत का माहौल है।

​घर के गेट पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, अस्पताल में हुई मौत

जानकारी के अनुसार, दादूपुर गांव निवासी मुख्तियार और उनका पुत्र सुखजिंदर रविवार देर शाम अपने घर के गेट पर मौजूद थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए कुछ हमलावरों ने दोनों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में हड़कंप मच गया। डायल-112 के माध्यम से सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

जंतर–मंतर गेम खेलें। पुलिस बनकर कॉकरोचों को पहचानो या आंदोलनकारी बनकर पहुंचो जंतर मंतर। खेलें ▶

​प्रारंभिक जांच में इस डबल मर्डर को करीब एक साल पहले हुए मोनू हत्याकांड की पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

​घटनास्थल उत्तराखंड का, लेकिन परिजनों ने यूपी पुलिस से की कार्रवाई की मांग

वारदात की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड—दोनों राज्यों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस की शुरुआती जांच-पड़ताल में सामने आया कि मृतकों का घर, बिजली का कनेक्शन, राशन कार्ड, वोटर आईडी और आधार कार्ड उत्तराखंड क्षेत्र के हैं। दादूपुर गांव यूपी और उत्तराखंड बॉर्डर के दोनों तरफ फैला हुआ है, और यह घटनास्थल उत्तराखंड की सीमा में पाया गया। हालांकि, इसके बावजूद पीड़ित परिवार ने उत्तराखंड पुलिस के बजाय योगी सरकार की मुजफ्फरनगर (यूपी) पुलिस से इस मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

​एसएसपी सूरज कुमार राय ने किया निरीक्षण, खुलासे के लिए 4 टीमें गठित

डबल मर्डर की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरनगर के एसएसपी (SSP) सूरज कुमार राय, सीओ सदर, थाना पुरकाजी पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। एसएसपी ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई का आश्वासन दिया।

​एसएसपी सूरज कुमार राय ने मामले की जानकारी देते हुए बताया, "22 नवंबर 2026 को डायल-112 से दादूपुर गांव में फायरिंग की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में यह आपसी रंजिश का मामला सामने आया है। जिन लोगों के नाम आरोपियों की सूची में शामिल हैं, उनके भाई की हत्या के मामले में पीड़ित पक्ष के कुछ लोग जमानत पर बाहर थे। प्रथम दृष्टया यह बदले की नीयत से की गई वारदात प्रतीत होती है।"

​उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि यद्यपि जांच में घटनास्थल और दस्तावेज उत्तराखंड के पाए गए हैं, लेकिन परिजनों के आग्रह पर फिलहाल मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा ही तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की चार विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें