उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में गुरुवार शाम सरेआम गोलियों की तड़तड़ाहट से भारी दहशत फैल गई। नौचंदी थाना क्षेत्र के पॉश इलाके शास्त्रीनगर सेक्टर-4 में एक कपड़ा कारोबारी अमीर अहमद उर्फ अली पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
इस जानलेवा हमले में अली को चार गोलियां लगी हैं, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में गंभीर हालत में गढ़ रोड स्थित पारस नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपियों की तलाश सरगर्मी से शुरू कर दी है। सरेआम हुई इस वारदात से इलाके के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर खौफ है।
महिला ने फोन कर बुलाया, फिर बदमाशों ने घेरा घायल अली के पिता शबाब आलम जैदी फार्म के निवासी हैं और केबल का कारोबार करते हैं। उनके अनुसार, गुरुवार शाम करीब चार बजे रूबी नाम की एक महिला ने अली को फोन करके शास्त्रीनगर सेक्टर-4 चौराहे के पास बुलाया था। महिला के बुलाने पर अली अपनी स्कूटी से वहां पहुंचा।

परिवार का आरोप है कि बातचीत के बाद जैसे ही वह स्कूटी मोड़कर वापस लौटने लगा, तभी रूबी के साथ उवैश, जमाल और शाहरून वहां आ धमके। आरोप है कि चारों ने मिलकर अली को घेर लिया और अवैध हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पीठ, हाथ और पेट में गोली लगने से अली खून से लथपथ होकर स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी बाइक और स्कूटी से मौके से आसानी से फरार हो गए।
Follow the Khabreelal News channel on WhatsApp Join ›🏪 आपके शहर के ऑफर
सीसीटीवी (CCTV) में कैद हुई पूरी वारदात फायरिंग की सूचना पर तुरंत स्थानीय नौचंदी थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और लहूलुहान अली को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में रूबी के साथ आए तीन युवक सरेआम फायरिंग करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब इन इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर आरोपियों की पहचान पुख्ता कर उनकी गिरफ्तारी की रणनीति बना रही है।
तीन साल पुरानी हत्या से जुड़ा है विवाद
परिजनों ने इस जानलेवा हमले के पीछे पुरानी रंजिश का अंदेशा जताया है। जानकारी के मुताबिक, करीब तीन साल पहले अमान नामक युवक की हत्या के मामले में अली को नामजद किया गया था और वह जेल भी गया था। लगभग एक साल पहले ही वह जमानत पर बाहर आया था।
पिता शबाब का आरोप है कि अमान की हत्या के बाद से ही उसके परिचित और अमान की दोस्त रूबी लगातार अली को जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। परिजनों का दावा है कि उनके पास इन धमकियों की कॉल रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। इस मामले में पहले एसएसपी कार्यालय में शिकायत देकर सुरक्षा की गुहार भी लगाई गई थी।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी
अली के पिता शबाब आलम की तहरीर के आधार पर पुलिस ने महिला रूबी समेत उवैश, जमाल और शाहरून के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायल अली की जान बचाने में जुटी हुई है और उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
Sabse pehle comment karne wale banein.