Meerut Car Accident CCTV: उत्तर प्रदेश के मेरठ (Meerut) में लापरवाही और असंवेदनशीलता का एक खौफनाक मामला सामने आया है। भावनपुर थाना क्षेत्र के शिवशक्ति विहार में एक तेज रफ्तार कार चालक ने गली में खेल रहे दो मासूम बच्चों को रौंद दिया। आरोप है कि बच्चों के चीखने के बावजूद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और उन्हें करीब 20 मीटर तक कार के नीचे घसीटता हुआ ले गया। शनिवार को इस घटना का Meerut Car Accident CCTV फुटेज सामने आया है, जिसके बाद पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।

खेलते समय हुआ हादसा, बच्चों ने मचाया शोर जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे की है। गली में छह साल की माही (LKG छात्रा) अपने पड़ोसी दोस्त विवान (UKG छात्र) के साथ खेल रही थी। प्रत्यक्षदर्शी 65 वर्षीय बुजुर्ग किशनचंद ने बताया कि तभी एक कार तेजी से आई और दोनों बच्चों पर चढ़ गई। हादसे में घायल हुए मासूम विवान ने बताया कि वे जोर-जोर से चिल्लाते रहे, लेकिन 'अंकल' ने गाड़ी नहीं रोकी। आस-पड़ोस के लोगों ने दौड़कर किसी तरह दोनों बच्चों को कार के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला।

हापुड़ अड्डे के पास अस्पताल ने इलाज से किया इनकार हादसे के बाद बच्ची माही मौके पर ही बेहोश हो गई। उसकी दादी सुमन और मां वर्षा ने बताया कि वे बच्ची को तुरंत हापुड़ अड्डे के पास स्थित एक अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे देखने से मना कर दिया। इसके बाद मजबूरी में परिजनों को गढ़ रोड स्थित एक अन्य अस्पताल में माही को भर्ती कराना पड़ा। हादसे में माही की कमर, पीठ, हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी आंख के पास भी चोट लगी है, लेकिन आंख सुरक्षित है। विवान को भी चोटें आई हैं और हादसे के बाद से दोनों बच्चे गहरे सदमे में हैं।

पड़ोसियों का आरोप: 10 दिन पहले कुत्ते पर भी चढ़ाई थी कार माही की दादी सुमन ने बताया कि आरोपी चालक उनके इलाके में रहने वाले उमेश के मकान में किराये पर रहता है, लेकिन परिवार को उसका नाम नहीं पता है। पड़ोसी महिला तनु का आरोप है कि यह युवक करीब एक महीने पहले ही इलाके में रहने आया है और उसने 10 दिन पहले एक बेजुबान कुत्ते पर भी इसी तरह कार चढ़ा दी थी। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस कर रही वायरल वीडियो की जांच इस मामले को लेकर भावनपुर थाना प्रभारी प्रताप ने शुरुआत में जानकारी होने से इनकार किया था। हालांकि, मेरठ के एसएसपी (SSP) डॉ. विपिन टाडा के निर्देशन में काम कर रहे वरिष्ठ अधिकारियों तक मामला पहुंचने के बाद संज्ञान लिया गया है। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें कार बच्चों के ऊपर से गुजरती दिखाई दे रही है। पुलिस फिलहाल यह तकनीकी जांच कर रही है कि वायरल वीडियो मेरठ का ही है या नहीं। तथ्यों की पुष्टि होने के बाद आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़िए फटाफट खबरेंस्वाइप करके पढ़ें