मेरठ के उपमहानिरीक्षक (DIG) कलानिधि नैथानी ने गुरुवार दोपहर परतापुर थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली को सुधारने और आम जनता को सहूलियत देने के उद्देश्य से कई सख्त निर्देश दिए। सबसे अहम निर्देश पासपोर्ट वेरिफिकेशन को लेकर रहा, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। डीआईजी ने थाने के रिकॉर्ड, मालखाना, शस्त्रागार और परिसर का गहनता से मुआयना किया।
घर जाकर होगा पासपोर्ट वेरिफिकेशन डीआईजी कलानिधि नैथानी ने स्पष्ट तौर पर कहा कि पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए किसी भी आवेदक को थाने नहीं बुलाया जाना चाहिए। पुलिसकर्मियों की यह जिम्मेदारी है कि वे आवेदन में दिए गए पते पर जाकर मौके पर ही जांच पूरी करें। उन्होंने क्षेत्राधिकारियों (CO) को भी कड़े निर्देश दिए कि वे यह सुनिश्चित करें कि पासपोर्ट सत्यापन की प्रक्रिया पुलिस मौके पर जाकर ही कर रही है या नहीं। यदि इसमें कोई लापरवाही मिलती है, तो संबंधित पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की जाए।
महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति पर जोर निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने महिला संबंधी शिकायतों को शीर्ष प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि वे महिलाओं से जुड़ी शिकायतों का स्वयं निस्तारण करें। यूपी 112 पर आने वाली महिला संबंधी शिकायतों को थाने के 'मिशन शक्ति केंद्र' के रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए और उस पर की गई कार्रवाई का नियमित फीडबैक भी लिया जाए। सीओ और थाना प्रभारी को मिशन शक्ति केंद्र के कार्यों का लगातार निरीक्षण करने को कहा गया है।
ग्राम प्रहरियों से संवाद और चुनावी तैयारियां डीआईजी ने थाने में मौजूद ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। सभी सिपाहियों को अपने-अपने बीट क्षेत्र में सक्रिय रहने और ग्राम चौकीदारों से लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि जमीनी स्तर की हर छोटी-बड़ी सूचना पुलिस तक समय से पहुंच सके। आगामी चुनावों के मद्देनजर डीआईजी ने सभी थानों के शस्त्र रजिस्टर का जिलाधिकारी (DM) कार्यालय के रिकॉर्ड से मिलान करने के निर्देश दिए हैं। थानों को मिले गैर जमानती वारंट (NBW) की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने और थाने में जब्त माल का तेजी से निस्तारण करने के लिए भी कहा गया।
🏪 आपके शहर के ऑफर
थाने के पुराने जर्जर भवन की पत्रावली तैयार कर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। थाने पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को शस्त्रों के रखरखाव और प्रयोग का समय-समय पर अभ्यास कराने की बात कही गई। शस्त्रों की बेहतरीन जानकारी होने पर दारोगा विपिन मिश्रा को डीआईजी ने मौके पर ही पुरस्कृत किया। इस दौरान एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले, एसपी ग्रामीण अभिजीत कुमार और सीओ रामप्रकाश सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
Sabse pehle comment karne wale banein.