बिजनौर जिले के मोहल्ला काजीपाड़ा में शनिवार रात उस समय सनसनी और दहशत फैल गई, जब बाइक सवार बदमाशों ने सरेराह एक युवक का पीछा करते हुए उस पर गोली चला दी। गनीमत यह रही कि गोली किसी को नहीं लगी। गोली की आवाज सुनकर मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच आसपास के लोगों के जुटने पर बदमाश मौके पर ही अपनी एक बाइक और हथियार छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुरानी रंजिश में दिया गया वारदात को अंजाम प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुल्ला का चौराहा निवासी अफसर के बेटे आमिर का रामलीला क्षेत्र में रहने वाले वासु शूटर के साथ पुराना विवाद चल रहा है। पीड़ित आमिर ने पुलिस को बताया कि इस वारदात से एक दिन पहले भी वासु और उसके साथियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की थी। इस मारपीट के बाद आमिर ने अपना मेडिकल परीक्षण कराया था और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। माना जा रहा है कि इसी पुलिस शिकायत से बौखलाकर आरोपियों ने इस जानलेवा हमले की साजिश रची।
जान बचाने के लिए गली में घुसा युवक बताया जा रहा है कि शनिवार रात वासु और उसके साथी तीन बाइकों पर सवार होकर आए और आमिर का पीछा करते हुए काजीपाड़ा तक पहुंच गए। खुद को घिरा देखकर और जान बचाने के लिए आमिर दौड़कर कारी अरशद वाली गली में घुस गया। इसी दौरान आरोपियों ने तमंचे से उस पर सरेराह गोली चला दी। गोली चलने का शोर सुनकर स्थानीय लोग और वाल्मीकि बस्ती के कुछ युवक मौके की ओर दौड़ पड़े। भीड़ को अपनी तरफ आता देख हमलावर घबरा गए और हड़बड़ाहट में अपनी एक बाइक मौके पर ही छोड़कर वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने बरामद किया लोडेड तमंचा और छुरा घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बदमाशों द्वारा छोड़ी गई बाइक के साथ-साथ एक लोडेड तमंचा और एक छुरा भी बरामद कर लिया है। इस पूरे मामले पर सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि काजीपाड़ा में फायरिंग की घटना हुई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी वासु का नाम पिछले कुछ दिनों में शहर में हुई कई अन्य आपराधिक घटनाओं में भी चर्चा में रहा है।
Follow the Khabreelal News channel on WhatsApp Join ›
Sabse pehle comment karne wale banein.